महोबा। शहर के झलकारी बाई तिराहा से परमानंद चौराहा तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभों की शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है। बिजली निगम की ओर से 250 खंभों की शिफ्टिंग कराई जाएगी। इसके बाद फोरलेन सड़क बनाने का काम शुरू होगा। इस काम में करीब 2.70 करोड़ रुपये खर्च होगा। लोक निर्माण विभाग ने बिजली निगम में 1.29 करोड़ रुपये की धनराशि भी जमा कर दी गई है। बिजली निगम के एसडीओ राकेश कुमार का कहना है कि पोल शिफ्टिंग का काम शुरू कराया गया है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
2.35 किमी लंबी होगी फोरलेन सड़क
महोबा। शहर के परमानंद चौराहा से झलकारी बाई तिराहा तक 13.35 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। यह फोरलेन सड़क 2.350 किलोमीटर लंबी होगी। इसको लेकर प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। परमानंद चौराहा से झलकारी बाई तिराहा की ओर जाने वाली सड़क को शहर के बाईपास मार्ग से नाम से जाना जाता है। यह सड़क अभी टू-लेन है। इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों की आवाजाही करते हैं। सड़क को बेहतर तरीके से बनाने की मांग लंबे समय से चल रही थी। राज्य सड़क निधि के तहत इस सड़क का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है।
ऐतिहासिक कीरत सागर व स्टेशन पहुंचना होगा आसान
महोबा। परमानंद चौराहा से झलकारी बाई तिराहा मार्ग शहर का प्रमुख मार्ग है। यह सड़क ऐतिहासिक कीरत सागर और रेलवे स्टेशन को जोड़ती है। सड़क के फोरलेन बनने से कीरत सागर, स्टेशन आदि स्थानों पर आने-जाने में सुगमता बढ़ेगी। राठ सड़क, पॉलिटेक्निक, चरखारी सड़क, फतेहपुर बजरिया, नवीन जेल, केंद्रीय विद्यालय, सिंचाई विभाग कार्यालय, उद्योग विभाग कार्यालय, पान अनुसंधान केंद्र जाने के लिए भी परमानंद चौराहा से लोग सीधे आवाजाही कर सकेंगे। बाईपास मार्ग स्थित नवीन गल्ला मंडी में अनाज लेकर आने वाले वाहनों को भी यातायात की बेहतर सुविधा मिलेगी।