जल्द बढ़ेगी पट्टों में रॉयल्टी की मात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
कबरई (महोबा)। रॉयल्टी की समस्या से मुक्ति दिलाने की कवायद शासन स्तर पर तेज हो गई है। पट्टा धारकों की रॉयल्टी मात्रा बढ़ने का शासनादेश जारी होने के साथ क्रशर प्लांटों को भंडारण लाइसेंस और ई-नीलामी की औसत दर पर सी फार्म रॉयल्टी मिल सकेगी।
कबरई क्रशर मंडी में रॉयल्टी की कमी के कारण माल निकासी न हो पाने से सैकड़ों क्रशर बंद होने की कगार पर थे। क्रशर यूनियन के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में तीस सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल लखनऊ गया और सचिव भूतत्व खनिकर्म डॉ. रोशन जैकब के अलावा मुख्यमंत्री के सचिव से मिलकर कबरई मंडी की बदहाली बयां की। महामंत्री वसीम अहमद, उपाध्यक्ष रघुराज सिंह ने पत्थर मंडी की समस्याओं का ज्ञापन सौंपा।
सचिव भूतत्व खनिकर्म ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर क्रशर मालिकों को ई-नीलामी के औसत रेट 400 रुपये प्रति घनमीटर से सी फॉर्म रॉयल्टी दिए जाने का आदेश जारी करा दिया जाएगा। जिससे क्रशर प्लांट मंदी के दौर से उबर सकेंगे। साथ ही अभी 10 हजार घन मीटर प्रति हेक्टेयर की रॉयल्टी मात्रा को आवक अधिक बढ़ाने का शासनादेश जल्द जारी किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में सत्येंद्र अग्निहोत्री, मुकेश गुरुदेव, अतीक, बाल किशोर, मयंक गुप्ता, उपेंद्र शुक्ला, दिलीप तिवारी, नासिर अली सहित तमाम लोग मौजूद रहे।