महिलाएं सशक्त बनकर देश की तरक्की में निभाएं अहम भूमिका
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। शहर के मां चंद्रिका महिला महाविद्यालय के ग्राम मुड़हरा में चल रहे एनएसएस शिविर के दौरान मंगलवार को अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के तहत नारी सशक्तिकरण विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कालेज की प्राचार्या डॉ. ज्योति सिंह ने कहा कि आज के दौर में महिलाएं किसी से कम नही हैं और हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन कर रहीं हैं। महिलाएं सशक्त बनकर देश की तरक्की में अहम भूमिका निभाएं।
कहा कि सरकार छात्राओं के लिए नए-नए कानून बना रही है। ताकि उन्हें बेहतर शिक्षा और सुरक्षा दी जा सके। उन्होंने छात्राओं से निडर होकर पढ़ाई करने का अपील की। कहा कि यदि उन पर किसी प्रकार का उत्पीड़न होता है तो उसे छिपाए नही बल्कि उसका डटकर मुकाबला करें। जिससे दोबारा इन प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। कालेज की संस्कृत प्रवक्ता प्रतीक्षा तिवारी ने गीत के माध्यम से छात्राओं को उनकी ताकत का एहसास कराया।
नीतू रावत ने कहा कि कानून में महिलाओं को तमाम अधिकार मिले है। छात्राएं उन अधिकारों को पहचाने और आगे बढ़कर अपना व जिले का नाम रोशन करें। शिक्षिका विभा सैनी ने कहा कि पहले की अपेक्षा महिलाओं व छात्राओं में जागरुकता आई है। इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से होने से छात्राओं को तमाम जानकारियां मिलती हैं। वीरभूमि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने छात्राओं को नारी गरिमा की शपथ दिलाई। इस मौके पर कार्यक्रम प्रभारी डॉ. जगभान सिंह, समाजसेवी सुरेश सोनी, डॉ. नितिन, शैलेष तिवारी, शिवम विश्वकर्मा सहित तमाम छात्राएं मौजूद रहीं।
बेहतर शिक्षा से आगे बढ़ेंगी छात्राएं
बीए प्रथम वर्ष की छात्रा खुशबू का कहना है कि तमाम अभिभावक छात्राओं को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के बाद घर बैठा देते है जबकि छात्राओं को लड़कों के समान बेहतर शिक्षा दिलानी चाहिए। ताकि वह पढ़-लिखकर आगे बढ़ सकें। ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावकों को इसके प्रति जागरूक होने की जरूरत है।
हर क्षेत्र में बढ़ रही महिलाओं की भूमिका
छात्रा अर्सिमा सिद्दीकी का कहना है कि आज के दौर में महिलाएं सशक्त बन रहीं हैं और प्रत्येक क्षेत्र में कामयाबी की इबारत लिख रहीं हैं। चाहे वह खेल हो या फिर सरकारी जॉब। सभी जगह महिलाओं की भूमिका तेजी से बढ़ रही हैं। अभिभावक छात्राओं को पढ़ाई से रोकें नही बल्कि प्रोत्साहित करें।