खरेला (महोबा)। नगर के पंप हाउस का एकलौता मोटर फुुंक जाने से नगर खरेला की दो दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। जिम्मेदार महकमे की उदासीनता के चलते दो माह पहले जला अन्य एक मोटर अब तक नहीं दुरुस्त कराया गया, जिससे नगर में बूंद-बूंद पानी को लेकर हाहाकार मचा है।
नगर खरेला की तीस हजार आबादी को साढ़े सात करोड़ की लागत से बनी सामूहिक पेयजल योजना आधे नगर को भी नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं कर पा रही है। नगर के 12 वार्डों में 6 वर्षों तक सिमटी पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति के लिए दो टंकी बनी है। बस स्टैंड के पास बने पंप हाउस में लगे दो मोटर में से एक मोटर दो माह पहले जल गया था। एकलौते मोटर के सहारे हर दूसरे दिन तीन-तीन वार्डों सहित 6 वार्डों को पानी सप्लाई हो रहा था। शुक्रवार की रात्रि को मोटर फुंक जाने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोग बूंद-बूंद पानी को परेशान है। नगर के हेमंत कुमार, अजय कुमार, नारेंद्र नायक, धनीराम कोरी आदि ने बताया कि अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे लोगों को बारिश के मौसम में पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। दूर-दराज स्थित जलस्रोतों से पानी लाकर किसी तरह प्यास बुझाई जा रही है। उधर जल संस्थान के अवर अभियंता मनोज ने बताया कि फुंके मोटर को जल्दी सुधरवाया जाएगा। लोगों को पानी की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
पाइप लाइन बदलने का सर्वे शुरू
नगर की आधा दर्जन वार्डों तक सिमटी पेयजल आपूर्ति को संपूर्ण वार्डों तक पहुंचाने के लिए सर्वे शुरू हो गया है। सदर विधायक राकेश गोस्वामी द्वारा टूटी पाइपलाइन बदलने और एक बोर को 50 लाख रुपये दिए जाने के बाद कार्यदायी संस्था जल निगम के कर्मियों ने स्वामीदास, हले, डिगुर्राय जैसे प्रभावित मुहल्लों में सर्वे किया है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजू सिंह ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में पानी पहुंचाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। दो माह के अंदर पेयजल समस्या दूर कर दी जाएगी।
मोटर फुंकने से खरेला की पेयजल आपूर्ति ठप
-एकलौता मोटर जलने से बूंद-बूंद पानी को जनता परेशान