महोबा। शहर में सड़क किनारे गुमटियां और झुग्गी झोपड़ी रखकर रोजी रोटी चला रहे छोटे मोटे दुकानदारों को अतिक्रमण अभियान के तहत हटा दिया गया, जिससे तमाम लोग बेरोजगार हो गए। वहीं शहर साफ सुथरा और चौड़ीकरण हो जाने से लोगों को जाम जैसी समस्याओं से राहत मिली है।
तहसील चौराहा से हवेली दरवाजा रोड में और तहसील चौराहा से पीडब्ल्यूडी मार्ग पर सड़क के दोनों तरफ नालों के ऊपर अवैध रुप से झुग्गी झोपड़ी और रखे डिब्बों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। अतिक्रमण अभियान की खबर लगते ही अतिक्रमण दस्ते के पहुंचने के पहले छोटे-छोटे दुकानदार अपने अपने डिब्बे और गुमटियां लेकर भाग गए। उपजिलाधिकारी सदर राजेश कुुमार, सीओ सदर जितेंद्र दुबे और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज के नेतृत्व में अतिक्रमण दस्ते ने बुलडोजर चलवाकर अवैध अतिक्रमण हटवाया।
सुबह 11 बजे से तहसील चौराहे से शुरु हुआ अतिक्रमण अभियान सारा दिन चला। लोग चार ठेलियों में अपने डिब्बे लिए भागते नजर आए। जिन लोगों द्वार डिब्बे और गुमटियां नहीं हटाई गई। उन पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया। नगर पालिका के अतिक्रमण दस्ते ने फावड़ा, कुदाली से अवैध अतिक्रमण हटाया। वहीं पालिका प्रशासन के बुलडोजर ने भी अवैध अस्थाई दुकानों हटवाकर सड़क साफ कराई, जिससे अब सड़कें चौड़ी दिखने लगी है, लेकिन अतिक्रमण अभियान के चलते तमाम लोग बेरोजगार हो गए।
अवैध गुमटियों और दुकानों पर गरजा बुलडोजर
-पालिका प्रशासन ने अभियान चलाकर हटाया अतिक्रमण