महोबा। जिलाधिकारी सहदेव की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई, जिसमें डीएम ने सीएमओ को दवा की उपलब्धता समय से पूरे जिले में कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि कहीं भी दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही एंबुलेंस के पहुंचने के समय में सुधार के निर्देश दिए। टीकाकरण की मीजर्स प्रगति रिपोर्ट बेहद खराब होने पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हीरा सिंह ने विभागवार विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने आवास विकास निर्माण इकाई द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरेला, श्रीनगर और जैतपुर में निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान पाया कि जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का कार्य पूर्ण है जबकि खरेला और श्रीनगर का कार्य अधूरा है। डीएम ने जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम द्वारा 363 रीबोर के सापेक्ष 301 रिबोर किए जाने पर शेष 62 रीबारों को तत्काल करने के निर्देश दिए। साथ ही सांसद व विधायक निधि से जिले में 100-100 हैंडपंप लगाए जाने का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लालचंद्र सरोज को स्ट्रीट लाइट का अधूरा कार्य पूर्ण कराए जाने के कड़े निर्देश दिए। कहा कि आईजीआरएस से प्राप्त संदर्भों को निरंतर समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। इसमें लापरवाही अक्षम्य होगी, क्योंकि इसकी समीक्षा शासन स्तर पर नियमित रूप से की जाती है। डीएम ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी बिना सक्षम अधिकारी की स्वीकृृति के मुख्यालय नहीं छोडे़गा, अन्यथा की स्थिति में अनुशासनहीनता मानते हुए विभागीय कार्यवाही करने की संस्तुति कर दी जायेगी। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी रामजी राय, सीएमओ डॉ. सुमन, परियोजना निदेशक आरएस गौतम, जिला पूर्ति अधिकारी बीआर अहिरवार सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
टीकाकरण की प्रगति रिपोर्ट खराब मिलने पर भड़के डीएम
- विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए निर्देश