महोबा। उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल की ओर से ट्रेनों में अनधिकृत वेंडरों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान पानी की अनधिकृत 180 बोतलें, मट्ठा के 12 पैकेट जब्त किए गए। इस कार्रवाई से अनधिकृत वेंडरों में खलबली मची रही।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-मऊरानीपुर खंड में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में अनधिकृत वेंडर्स के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान झांसी-बांदा मेमू और खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस में अनधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचने वालों पर कार्रवाई की गई। जांच टीम के आने की सूचना पर अनधिकृत वेंडर पानी की बोतलें व मट्ठा के पैकेट छोड़ कर भाग गए। अभियान के दौरान जांच टीम ने पानी की 180 अनधिकृत बोतलें और मट्ठा के 12 पैकेट जब्त कर झांसी स्टेशन पर एलपीओ में जमा करवाए।
चेकिंग टीम में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक साकेत शुक्ला, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक झांसी दिग्विजय सिंह, कैटरिंग इंस्पेक्टर राजेश यादव, अशोक कुमार, उप मुख्य टिकट निरीक्षक मुख्यालय अरुण सचान शामिल रहे। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यात्रियों से अपील की है कि सिर्फ अधिकृत विक्रेताओं से खाद्य सामग्री खरीदें।