महोबा। शहर के सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज में सोमवार को कन्या भारती के गठन को लेकर मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान छात्राओं को मतदान का महत्व बताया गया। प्रधानाचार्या बीना तिवारी ने कहा कि मताधिकार व्यक्ति का सबसे बड़ा अधिकार है। छात्राएं अपने परिवार, रिश्तेदार व पड़ोस में शत प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को प्रेरित करें।
छात्राओं में अनुशासनात्मक प्रवृत्ति विकसित करने और विद्यालय में अनुशासन व व्यवस्था के लिए प्रत्येक वर्ष कन्या भारती का गठन किया जाता है। सोमवार को विद्यालय में प्रधानमंत्री, अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सहमंत्री समेत विभिन्न पदों के लिए मतदान कराया गया। जिसमें करीब 700 छात्राओं ने वोट किया। कक्षा छठवीं से लेकर इंटरमीडिएट तक की छात्राओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखा। चुनाव प्रक्रिया प्रधानाचार्या के अलावा मनोरमा राजपूत, अनिलप्रभा अवस्थी की देखरेख में हुई। प्रधानाचार्या ने बताया कि विद्यालय में कन्या भारती के गठन को लेकर संपन्न हुई मतदान प्रक्रिया का परिणाम 23 अप्रैल को जारी किया जाएगा। इस दौरान छात्राओं को आगामी लोकसभा चुनाव में परिजनों व पड़ोसियों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।