पत्नी की मौत से आहत पति ने फांसी लगा दी जान
अमर उजाला ब्यूरो
पनवाड़ी (महोबा)। थाना पनवाड़ी के ग्राम जगपुरा में तीन माह पहले पत्नी की मौत होने से आहत पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम जगपुरा निवासी वीरसिंह (32) पत्नी की मौत के बाद से खासा परेशान रहता था। 29 अक्तूबर को किसी बात से नाराज होकर वीरसिंह की पत्नी भानादेवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। तीन बच्चों की परवरिश व पत्नी की मौत से वीरसिंह सहमा रहता था। बुधवार की सुबह वीरसिंह ने कमरे में उस समय फांसी लगा ली जब तीनों बच्चे स्कूल गए थे। स्कूल से घर लौटी बड़ी पुत्री संध्या (8), रागिनी (6) व छोटा पुत्र दीपक (5) ने मकान के दरवाजे अंदर से बंद देखा तो आवाज लगाई। आहट न मिलने पर पड़ोसी एकत्र हो गए। दरवाजा तोड़कर देखा तो वीरसिंह का शव फांसी पर लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। थाना पनवाड़ी के एसआई अशोक सिंह सेंगर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। घटना के बाद तीनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।