कबरई (महोबा)। कानपुर-सागर हाईवे और झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे में प्रतिदिन लगने वाले जाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मंगलवार को खुद कमान संभाली।
उन्होंने पुलिस फोर्स के साथ बांदा चौराहा और छंगा तिराहे से अतिक्रमण हटवाया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। अब लोगों को जाम से निजात मिल सकेगी। कानपुर सागर नेशनल हाईवे के छंगा तिराहे पर और झांसी मिर्जापुर मार्ग के बांदा चौराहे पर प्रतिदिन जाम लग रहा था।
जाम में दर्जनों वाहनों के फंसने से राहगीर परेशान हो रहे थे। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई थी। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक फोर्स के साथ बांदा तिराहे पहुंचे। जहां आड़े तिरछे खड़े डग्गामार वाहनों को सीज करा दिया वही अतिक्रमण हटाने का विरोध करने वालों को जमकर लताड़ लगाई।
कहा कि हमारा चौराहा अभियान गतिशील रहेगा। किसी भी दशा में सड़कों पर आतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। सड़क किनारे अतिक्रमण जमाए दुकानदारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान से हड़कंप मच गया।
एसपी ने थानाध्यक्ष विपिन त्रिवेदी को निर्देश दिए कि किसी भी दशा में इन प्रमुख हाईवे के चौराहों पर जाम की स्थिति न बनने दी जाए।