महोबा। जनपद झांसी के पहाड़ी बांध से पानी छोड़े जाने से लहचूरा बांध का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। हालात को देखते हुए बांध का एक गेट खोलकर अर्जुन सहायक नहर में 1,700 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। साथ ही धसान मुख्य फीडर में भी 400 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। सिंचाई विभाग की ओर से बांध की लगातार निगरानी की जा रही है।
यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित लहचूरा बांध में जनपद झांसी के पहाड़ी बांध से छोड़ा गया पानी आ रहा है। बांध की न्यूनतम भंडारण क्षमता 179.83 मीटर व अधिकतम भंडारण क्षमता 182.30 मीटर है। वर्तमान में जलस्तर 182.30 मीटर पहुंच गया है। अर्जुन सहायक नहर में छोड़ा गया पानी तहसील चरखारी स्थित अर्जुन बांध में पहुंच रहा है। इससे अर्जुन बांध का भी जलस्तर बढ़ रहा है। लहचूरा बांध के अवर अभियंता रामआसरे का कहना है कि इस समय बांध पूरी क्षमता के साथ भरा हुआ है। बांध की लगातार निगरानी की जा रही है। अतिरिक्त पानी को डिस्चार्ज किया जा रहा है।