महोबा। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत जनपद के नगरी क्षेत्रों से आए 16,772 आवेदनों का स्थलीय सत्यापन कराया जाएगा। नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से इसकी सूची बनाकर तहसीलों व नगरीय निकायों को भेजा गया है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद वास्तविक जरूरतमंदों का पता चलेगा। इसके बाद पात्रों को आवास निर्माण के लिए तीन किस्तों में धनराशि मुहैया कराई जाएगी।
शहरी क्षेत्र में बेघर गरीबों को मकान के निर्माण के लिए संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का क्रियान्वयन किया जा रहा है। नगरीय क्षेत्र में योजना के संचालन की जिम्मेदारी डूडा की है। पीएम आवास योजना 2.0 के तहत नवंबर 2024 से ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की गई है। जनपद में नगरीय क्षेत्र में महोबा, चरखारी, कुलपहाड़, खरेला व कबरई कस्बा आता है। इन नगरीय क्षेत्रों में आवास निर्माण के लिए 16,772 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। अब इन आवेदनों की जांच शुरू कर दी गई है।
नगर पालिका, नगर पंचायत व संबंधित तहसील की ओर से इन आवेदनों के आधार पर मौके पर पहुंच कर स्थलीय जांच की जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट बनाकर विभाग को भेजी जाएगी। पात्र मिलने पर प्रत्येक लाभार्थी को प्रथम किस्त के रूप में फाउंडेशन के निर्माण के लिए 50 हजार, इसके बाद दीवार और छत के लिए दूसरे किस्त में डेढ़ लाख व किचिन और बाथरूम के निर्माण के लिए अंतिम किस्त के रूप में 50 हजार रुपये की किस्त भेजी जाएगी।
नगरीय विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राकेश कुमार का कहना है कि पीएम आवास योजना शहरी 2.0 के तहत पोर्टल पर प्राप्त 16,772 आवेदनों को डीएम की ओर से गठित समिति से सत्यापन कराने के लिए संबंधित निकाय व तहसील को भेजा गया है। सत्यापन पूरा होने के बाद पात्रों को योजना से लाभान्वित किया जाएगा।