महोबा। शहर के कलक्ट्रेट स्थित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग कार्यालय में घुसकर तीन युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। कार्यालय में रखीं फाइलें फेंकते हुए अधिकारियों से अभद्रता करते हुए गाली गलौज व जान से मारने की धमकी दी। जिससे अन्य कार्यालयों के कर्मचारियों की भीड़ एकत्र हो गई। अभिहीत अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कलक्ट्रेट में स्थित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग कार्यालय में अभिहीत अधिकारी डॉ. चेतराम प्रजापति, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नागेंद्र कुमार व अन्य कर्मचारी मौजूद थे। तभी तीन युवक कार्यालय पहुंच गए और ड्रग विभाग से संबंधित काम करने का दबाव बनाने लगे। जब कर्मचारियों ने ड्रग इंस्पैक्टर के जेल जाने के बाद किसी की तैनाती न होने की जानकारी दी तो युवक जबरन अलमारी खोलकर फाइलें निकालने की बात कहने लगे। विरोध करने पर युवकों ने टेबिल में रखी फाइलें फेंक दी और गाली गलौज करते हुए अभद्रता की। बाद में जान से मारने की धमकी दी गई।
अभिहीत अधिकारी ने मामले से तत्काल अपर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह को अवगत कराया। तब उन्होंने गार्डों को मौके पर भेजकर युवकों को हिरासत में ले लिया। अभिहीत अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने ऋषि चौरसिया निवासी मोहल्ला मलकपुरा, नीरज चंसौरिया निवासी नैकानापुरा व रवि धुरिया निवासी बंधानवार्ड के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी विक्रमाजीत सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।
खाद्य सुरक्षा कार्यालय में घुसकर युवकों ने मचाया उत्पात
- फाइलें फेंकते हुए अधिकारियों से अभद्रता व जानमाल की दी धमकी
- अभिहीत अधिकारी की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज