महोबा। जिले को शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने चरखारी रोड पर नथूपुरा मौजा में 30 एकड़ भूमि का चयन कर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है।
उत्तर प्रदेश के 15 जिलों के जिला चिकित्सालयों को उच्चीकृत कर राजकीय मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित किए जाने की केंद्र सरकार की योजना है। इस योजना में महोबा जनपद का भी नाम शामिल होने से जिला प्रशासन ने ग्राम समाज की 30 एकड़ भूमि का चयन कर लिया है। जिससे अब मेडिकल कॉलेज खुलने की संभावनाएं बढ़ गई है।
बुधवार को जिलाधिकारी सहदेव के नेतृत्व में एडीएम पूनम, एसडीएम सदर देवेंद्र सिंह, भू-राजस्व निरीक्षक हीरालाल, लेखपाल बदलू, इंद्रपाल सिंह, सुशील शर्मा ने सबसे पहले मामना इसके बाद मुढ़हरा गांव में ग्राम समाज की भूमि देखी। अंत में नथूपुरा मौजा की गाटा संख्या 698, 699 और 700 की 30 एकड़ भूमि को चयन समिति ने फाइनल कर दिया और प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है।
इनसेट
पांच एकड़ में बनेगा 200 शैय्या का अस्पताल
मेडिकल कॉलेज की भूमि में पांच एकड़ जमीन पर 200 शैय्या का अस्पताल बनेगा। जहां पर मरीजों को भर्ती किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर बेड़ों की क्षमता बढ़ाई जा सकेगी। जिससे मरीजों को भविष्य में भर्ती होने की अधिक से अधिक चिकित्सीय सुविधा मिल सके।
इनसेट
मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देते हैं मरीज
घायलों व मरीजों को अभी तक किसी भी आपातकालीन स्थिति में 140 से 170 किमी दूर मेडिकल कॉलेज में जाना पड़ता था। मेडिकल कॉलेजों की अधिक दूरी होने के कारण अक्सर मरीज मेडिकल कॉलेज पहुंचने के पहले ही दम तोड़ देते थे। अब जिला मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज खुल जाने से जनपद के अलावा आसपास के जनपद छतरपुर के लोगों को भी मेडिकल कॉलेज का लाभ मिलेगा। जिला मुख्यालय से उरई मेडिकल कॉलेज की दूरी 140 किमी, कानपुर की 150 किमी और झांसी की 170 किमी दूरी है।