महोबा। सचिव एवं राहत आयुक्त उत्तर प्रदेश व जिले के नोडल अधिकारी जीएस प्रियदर्शी ने सोमवार को कलक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सही आंकड़े प्रस्तुत न किए जाने व कार्य में लापरवाही बरतने पर अफसरों को फटकार लगाई। कहा कि एक माह के अंदर योजनाओं को धरातल पर दिखाएं। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नोडल अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार विकासपरक योजनाओं व जन कल्याणकारी कार्यक्रमों को लेकर संवेदनशील है। ऐसे में सभी अधिकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करें। उन्होंने कानून व्यवस्था, महिला अपराध नियंत्रण, दहेज हत्या, अवैध खनन व कमजोर वर्ग के उत्थान पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालयों का निर्माण, गोवंश आश्रय स्थलों पर निराश्रित गोवंश, प्रधानमंत्री शहरी आवास, आयुष्मान भारत, सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, बीज व उर्वरकों की उपलब्धता प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए। समीक्षा में प्रोबेशन व समाज कल्याण, दिव्यांगजन कल्याण विभाग में लंबित पेंशन आवेदनों को एक माह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने जिले में पाइप पेयजल योजना के सही तरीके से संचालन के निर्देश अधिशासी अभियंता जल निगम को दिए। स्वच्छता कार्यक्रमों की समीक्षा में अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी गंदगी न मिले। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को जिले में नई सड़कों का निर्माण, सेतुओं का निर्माण, गड्ढा मुक्त सड़कों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की मंशानुरूप बिजली आपूर्ति, ग्रामों का ऊर्जीकरण, सौभाग्य योजना के अंतर्गत नए विद्युत कनेक्शन मुहैया कराने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी सहदेव, एसपी स्वामीनाथ, एडीएम पूनम निगम, सीडीओ हीरा सिंह, सीएमओ डॉ. सुमन सहित जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।