महोबा। जिलाधिकारी सहदेव ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में आशा बहुओं के मासिक भुगतान की सही रिपोर्टिंग न करने और उनकी नियुक्ति संबंधी निर्देशों का पालन न करने पर सीएमओ को कड़ी फटकार लगाई। दोबारा लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में संस्थागत प्रसव, मातृ मृत्यु, टीटी, बीसीजी टीकाकरण, मीजल्स, पुरुष एवं मातृ नसबंदी, राष्ट्रीय बल स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार कल्याण कार्यक्रम, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना व एंबुलेंस के संचालन पर चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सीएमओ डा. सुमन को आशा बहुओं के मासिक भुगतान की सही रिपोर्टिंग न किए जाने पर नाराजगी जताई। कहा कि अक्तूबर माह में 44 आशा बहुओं की नियुक्ति संबंधी निर्देश दिए थे, लेकिन निर्देशों का अनुपालन नहीं किया गया।
उक्त निर्देश के क्रम में कई पत्र भेजे गए और स्पष्टीकरण भी मांगे गए लेकिन सीएमओ द्वारा न ही निर्देशों का पालन किया गया और न ही किसी स्पष्टीकरण का जवाब दिया गया। इस पर डीएम ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि उक्त निर्देशों पर तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाए। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी कार्य में लापरवाही न बरती जाए। बैठक में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी जीआर रतमेले, जिला कार्यक्रम प्रबंधक ममता अहिरवार सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।