= हेलमेट न लगाने से बाइक सवारों के सिर पर आईं गंभीर चोटें
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा/बेलाताल। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में पिता-पुत्र समेत 15 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
थाना अजनर के स्यावन गांव निवासी संजय (25) बृहस्पतिवार की देर शाम पिता परमानंद (50) के साथ किसी कार्य से बाइक से कस्बा जैतपुर जा रहा था। तभी रास्ते में गहरे गड्ढे में पहिया चले जाने से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी जैतपुर में भर्ती कराया गया।
वहीं, शहर कोतवाली क्षेत्र के रहेलिया गांव निवासी राधाचरण (40) बाइक से पत्नी शकुंतला (38) और बेटे आकाश (13) के साथ मुख्यालय से घर जा रहा था। तभी रास्ते में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। इसी तरह मुस्करा निवासी इरफान, पिपरी निवासी ओमप्रकाश, चांदो निवासी मानवेंद्र, कमलखेड़ा निवासी हरदयाल, सालट निवासी अर्जुन, अभाऊ निवासी कुमकुम, बगैरा निवासी टेकराम, कुलपहाड़ निवासी हरगोविंद, सुभाषनगर निवासी मौसम व मयंक अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। जिला अस्पताल में मयंक की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।