पहिया में दुपट्टा फंसने से गिरी बाइक, तीन घायल
अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में मां-बेटी समेत तीन लोग घायल हो गए। वहीं कस्बा कुलपहाड़ में ट्रक व बोलेरो की भिडंत में एक बड़ा हादसा टल गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना श्रीनगर के मिरतला गांव निवासी जितेंद्र (26) अपनी पत्नी भानवती (22) व पांच माह की मासूम रिया के साथ बाइक से अपनी ससुराल बेलाताल गया था। लौटते समय कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में बड़ा नाले के पास भानवती का दुपट्टा पहिया में फंस गया। इससे तीनों लोग गिरकर घायल हो गए। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से भानवती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एक अन्य घटना में कुलपहाड़ में छोटी पुलिया के पास ट्रक व बोलेरो की आमने सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में सभी लोग बाल बाल बच गए। बोलेरो सवार लोग एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पनवाड़ी से कुलपहाड़ जा रहे थे। भिड़ंत होने से आलू से भरा ट्रक खाई में गिर गया।
अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आई है। कोतवाली क्षेत्र डड़हतमाफ गांव निवासी कमलेश (18) पुत्र बाबू रविवार को बाइक से मुख्यालय आ रहा था। रास्ते में जानवर कोे बचाने में वह गिरकर घायल हो गया।
उधर, कमलखेड़ा गांव निवासी विकास (22) पुत्र गोविंद अपने साथ लोकेंद्र (17) पुत्र मुकेश के साथ बाइक से कीरतपुरा जा रहा था। रिवई गांव के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में महोबा निवासी रूपेंद्र (20), करहराकला निवासी विपिन (16) भी घायल हुए हैं।
- कस्बा कुलपहाड़ में ट्रक व बोलेरो भिड़ी, हादसा टला