पीएम की रैली में जिले से पहुंचेंगे 10 हजार कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 15 फरवरी को झांसी में प्रस्तावित रैली को लेकर तैयारियां तेज हो गईं हैं। सोमवार को विरमा भवन में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें 10 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने की रणनीति बनाई गई। प्रधानमंत्री की रैली में कार्यकर्ता बसों से झांसी पहुंचेंगे।
भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में मनाई गई। साथ ही 15 फरवरी को झांसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारी को लेकर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली में जिले से 10 हजार कार्यकर्ता बसों से जाएंगे और रैली को सफल बनाएंगे। बैठक में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री दारा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर पदाधिकारी व कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं। झांसी में प्रधानमंत्री की रैली ऐतिहासिक होगी। जिसमें बुंदेलखंड के सभी जनपदों से कार्यकर्ता पहुंचेंगे। जिला प्रभारी देवेश कोरी ने रैली को लेकर पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत, कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन चक्रपाणि त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. कमलेश सक्सेना, डा. संतोष चौरसिया के अलावा जिला एवं मंडल के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।