अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। ट्रांसफार्मर के तार टूटकर एलटी लाइन पर गिरने से तीन दर्जन से ज्यादा लोगों के घराें में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया। इससे बिजली उपकरण फुुंक गए। कस्बे में अफरा तफरी मच गई।
बिजली विभाग की जर्जर लाइनें होने से आए दिन तार टूटने की घटनाएं होती रहती हैं। रविवार को कस्बे के मोहल्ला टौरियापुरा में स्थित ट्रांसफार्मर से तार टूटकर एलटी पर गिर गया। इससे वीरेंद्र अनुरागी, वीरेंद्र सोनी, शिवकुमार, राजू सहित तीन दर्जन घरों में करंट दौड़ गया जिससे लोगों के कूलर, पंखे, टीवी, मोटर आदि फुुंक गए। हाई वोल्टेज करंट दौड़ने से लोग प्लग बंद करने की बजाय बाहर की भागकर जान बचाई।
बिजली उपभोक्ताओं के बिजली उपकरण फुंकने से भारी नुकसान हुआ है। इससे नागरिकों में खासा आक्रोश है। नागरिकों ने बिजली विभाग के अधिकारियाें को पत्र भेजकर हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि पहले भी कई बार एलटी लाइन में हाईवोल्टेज आने से नुकसान हो चुका है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी व्यवस्थाएं दुरुस्त नही कर रहे हैं।
-ट्रांसफार्मर का तार एलटी लाइन में गिरने से आया करंट