महोबा। प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेेशक सत्य नारायण सावत ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर थानाध्यक्षों के पेंच कसे। उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर हालत में चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराया जाएगा। चुनाव में किसी भी तरह का खलल डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि महोबा जनपद की सीमा मध्यप्रदेश से जुड़ी होने के कारण एक-दूसरे के प्रांत में लोगों की आवाजाही होने की संभावना बनी रहती है। इससे रोकने के लिए बैरियर लगाकर यूपी-एमपी सीमाओं की सील करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को मतदाता जागरुकता कार्यक्रम चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील, अतिसंवेदनशील बूथों पर सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर डीआईजी अनिल कुमार राय, एसपी स्वामीनाथ, अपर एसपी वीरेंद्र कुमार के अलावा सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
इसके बाद अपर पुलिस महानिदेेशक ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से भी बातचीत की। साथ ही आदर्श आचार संहिता के पालन में सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर भाजपा नेता राहुल अग्रवाल, बसपा जिलाध्यक्ष कमलेश वर्मा, वीरेंद्र मिश्रा, सपा जिलाध्यक्ष शोभाला यादव, राजेंद्र सोलंकी मौजूद रहे।