अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर (महोबा)। कस्बे के मुलायम सिंह यादव मैदान में चल रहे प्रीमियर लीग क्रकिेट मैच के दूसरे दिन गढ़ी मलहरा ने मऊरानीपुर क्रिकेट टीम को 63 रनों से हरा दिया। क्रिकेट टूर्नामेंट देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रहीं। अच्छा प्रदर्शन करने पर वसीम अहमद को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मऊरानीपुर क्रिकेट क्लब और गढ़ी मलहरा टीम के बीच मंगलवार को खेले गए मैच में गढ़ी मलहरा के कप्तान सचिन चौरसिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 167 रन बनाए। इसमें सबसे ज्यादा राजा बाबू ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 79 और वसीम ने 55 रन बनाए। मऊरानीपुर की तरफ से अरविंद ने तीन और सलीम अहमद ने दो विकेट लिए।
जवाब में उतरी मऊरानीपुर की टीम के बल्लेबाज जल्दी जल्दी आउट हो गए। दिनेश ने 32 और पंकज ने 18 रन बनाए। न्याज मोहम्मद ने तीन और राजाबाबू ने एक विकेट लिया। मऊरानीपुर की टीम 104 रन पर ढेर हो गई। जिससे गढ़ी मलहरा की टीम 63 रनों से जीत गई। राकेश तिवारी और रामकुमार ने अंपायर की भूमिका निभाई। इस मौके पर संयोजक विनोद यादव, जगदीश वर्मा, बृजेंद्र कुमार, राहुल सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।