कबरई (महोबा)। योगा शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 1.20 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। ऑनलाइन भुगतान लेने के बाद न तो नौकरी लगवाई गई और न ही रकम वापस की गई। आरोपी ने पीड़ित का नंबर भी ब्लॉक कर दिया। पीड़ित ने थाना कबरई में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के मोहल्ला विवेकनगर निवासी रामजीवन अनुरागी ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से परसहा गांव का निवासी है। वर्ष 2024 में उसने मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित एक योगा इंस्टीट्यूट से योगा में डिप्लोमा किया था। उसमे्ं 17 हजार रुपये का खर्च आया था। आरोप है कि 27 अप्रैल 2025 को उसी इंस्टीट्यूट के संचालक ने योगा शिक्षक की नौकरी दिलाने का भरोसा देते हुए 1.20 लाख रुपये की मांग की। झांसे में आकर उसने 28 अप्रैल से 18 मई 2025 के बीच अलग-अलग तिथियों में 1.20 लाख रुपये ऑनलाइन भुगतान कर दिया। इसके बाद आरोपी ने न तो नौकरी दिलाई और न ही रुपये वापस किए। अब पीड़ित का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया है। पीड़ित ने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।