फोटो 28 एमएएचपी 17 परिचय-अधिक मात्रा में पानी आने पर लहचूरा बांध के नौ फाटक खोलकर छोड़ा जा रहा
-धसान नदी के आसपास स्थित 15 गांवों में जारी किया गया अलर्ट
फोटो 28 एमएएचपी 17 परिचय-अधिक मात्रा में पानी आने पर लहचूरा बांध के नौ फाटक खोलकर छोड़ा जा रहा पानी। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। लहचूरा बांध का जलस्तर अचानक बढ़ जाने पर नौ फाटक खोलकर एक लाख 17 हजार क्यूसेक पानी धसान नदी में छोड़ा गया। इस दौरान नदी के आसपास स्थित जनपद महोबा व झांसी के 15 गांवों में मुनादी कराकर अलर्ट जारी किया गया। साथ ही ग्रामीणों को नदी के पास जाने से मना किया गया। धसान नदी में छोड़ा गया यह पानी जनपद हमीरपुर की बेतवा नदी में मिलेगा। इससे आगामी कुछ घंटों में बेतवा नदी का भी जलस्तर बढ़ने की संभावना है।
यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित लहचूरा बांध में जनपद झांसी स्थित पहाड़ी बांध से छोड़ा गया पानी आ रहा है। साथ ही बारिश का पानी भी पहुंचने से लहचूरा बांध पूरी तरह लबालब हो गया। बांध की न्यूनतम भंडारण क्षमता 179.83 मीटर और अधिकतम भंडारण क्षमता 182.30 मीटर है जबकि वर्तमान में बांध का जलस्तर 182.30 मीटर पहुंच गया है। लहचूरा बांध में क्षमता से अधिक पानी आता देख नौ फाटक खोलकर एक लाख 17 हजार क्यूसेक पानी धसान नदी में डिस्चार्ज किया गया। नदी के आसपास स्थित जनपद महोबा के काशीपुरा, धरवार, लिलवा, कोटरा, रिपनौर, बीहट, नगाराघाट, स्योढ़ी, सलैया व जनपद झांसी के लहचूरा, बरौडा, बरौढ़ा, असपुरा, झारखंड और सुजातपुर गांव में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को नदी के पास आने से रोका गया है। धसान नदी जनपद हमीरपुर से गुजरी बेतवा नदी में मिलती है। इससे यह पानी बेतवा नदी में पहुंचेगा। ऐसे में बेतवा नदी का भी जलस्तर बढ़ने की उम्मीद है। उधर, लहचूरा बांध के अवर अभियंता रामआसरे का कहना है कि इस समय बांध पूरी तरह लबालब है। बांध की लगातार निगरानी की जा रही है। अतिरिक्त पानी को डिस्चार्ज किया जा रहा है।