महोबा। थाना कबरई के ग्राम खरका में एक मकान में अचानक लगी आग से एक गरीब का आशियाना जलकर राख हो गया। अग्निकांड की घटना में 50 हजार की नकदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत का माल जलकर बर्बाद हो गया। ग्रामीणों के एकजुट प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित ने पुलिस व राजस्व विभाग को घटना की सूचना देते हुए जांच कराकर सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है। आग से जलकर सबकुछ खाक हो जाने से पीड़ित परिवार परेशान हैं।
ग्राम खरका निवासी रामकिशोर कुशवाहा खेती किसानी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। दोपहर के समय मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटे उठने पर परिजन घर से बाहर निकल आए और शोर शराबा मचाया। भीषण आग देख एकजुट हुए ग्रामीण आसपास स्थित जलस्रातों से पानी लाकर आग बुझाने में जुट गए। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक मकान में रखी 50 हजार की नगदी, खाद्यान्न, गृहस्थी व कच्चा मकान जलकर राख हो गया। घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये की क्षति का आकलन किया जा रहा है। आग की घटना में मकान व गृहस्थी जलकर राख हो जाने से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जिंदगी गुजारने को मजबूर है। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस व राजस्व विभाग को दी है। आग कैसे लगी इसके कारण स्पष्ट नहीं हो सके।