ख्वाजा गरीब नवाज के उर्स पर बांटा गया लंगर
महोबा। हजरत मोईनउद्दीन चिश्ती ख्वाजा गरीब नवाज रहमतुल्लाह अलैह के उर्स के मौके पर महोबा में जगह-जगह फातिहा हुई और लंगर बांटा गया। जहां पर लोगों की भारी भीड़ जुटी। पैगामे हजरत अली कमेटी और खादिमाने हुसैन कमेटी की ओर से शहर के लौड़ी तिराहा, हवेली दरवाजा सहित कई स्थानों पर गुरुवार को ख्वाजा गरीब नवाज का उर्स मनाया गया। उर्स के मौके पर हवेली दरवाजा में काजी-ए-शहर सैय्यद आफाक हुसैन ने खिताब करते हुए ख्वाजा गरीब नवाज की फजीलत बताई।
फातिहा के बाद राहगीरों को लंगर बांटा गया। उर्स के मौके पर लंगर का इंतजाम करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह से ही जुट गए। दिन में दो बजे लंगर शुरू हुआ जो घंटों चलता रहा। इसी तरह लौड़ी तिराहा में भी लोगों को बैठाकर लंगर खिलाया गया। इस मौके पर खादिमाने हुसैन कमेटी के अध्यक्ष अलताफ हुसैन, सैय्यद आफाक हुसैन, अशफाक अहमद, मोहम्मद फजल, नौशाद खां, वसीम अहमद, शानू सहित तमाम लोग मौजूद रहे।