कन्या भ्रूण हत्या व बाल विवाह कानून की दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बुधवार को जवाहर नवोदय विद्यालय में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। न्यायिक अधिकारियों ने कन्या भ्रूण हत्या व बाल विवाह कानून को विस्तार से बताया।
अपर जिला जज त्वरित न्यायालय संतोष मौर्य ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा विद्यालयों व ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। आज के दौर में प्रत्येक व्यक्ति को कानून की जानकारी होना जरूरी है। जानकारी के अभाव में लोग न्याय के लिए इधर-उधर भटकते रहते हैं। जबकि गरीब व बेसहारा लोगों के लिए निशुल्क न्याय की व्यवस्था की गई है। इसमें सरकारी वकील भी मुहैया कराया जाता है। उन्होंने शिविर में मिली जानकारी से परिजनों व पड़ोसियों को भी अवगत कराने की अपील की। प्राधिकरण के सचिव निर्दोष कुमार ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व पास्को एक्ट की जानकारी दी। इस मौके पर नायब तहसीलदार अमरकांत सेन, प्रधानाचार्या शबाना सिद्दीकी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी, महामंत्री कृष्ण गोपाल द्विवेदी, केशवचंद्र शुक्ला, नेहा चंसौरिया सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।