महोबा। कोतवाली चरखारी के ग्राम बेहारी में एक ग्रामीण के मकान में आग लगने से एक लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। पीड़ित गृहस्वामी ने पड़ोसियों पर मकान में आग लगाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली चरखारी में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
ग्राम बैहारी निवासी सोहनलाल कुशवाहा के मकान में शुक्रवार की रात को अचानक आग लग गईस, जिससे घर में चीख पुकार मच गई। शोर शराबा सुन ग्रामीण दौड़ पड़े, लेकिन आग की लपटों के सामने ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। आग को बढ़ता देख ग्रामीणों ने दमकल विभाग को फोनकर दिया। मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के जवानों ने ग्रामीणों के सहयोग से दो घंटे की मशक्कत के बाद पर काबू पाया, जिससे आस पास के मकान अग्निकांड की चपेट में आने से बच गए, लेकिन पीड़ित गृहस्वामी की करीब एक लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
पीड़ित ने बताया कि घर में रखी फोटोकापी मशीन, कैमरा और प्रिंटर कीमती वस्त्र व अन्य घर की सामग्री जलकर राख हो गए। पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि पड़ोसियों ने एक हफ्ते पहले घर में आग लगाए जाने की धमकी दी थी। उसने पड़ोसियों पर आग लगाए जाने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
आग से एक लाख की संपत्ति जलकर राख
-पीड़ित ने पड़ोसियों पर आग लगाने का लगाया आरोप