महोबा। जिले में चार दिन से दस्तक दे रहे मानसून की पहली बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। तीन घंटे लगातार रिमझिम बारिश होने से जहां किसानों द्वारा खेतों में बोई गई खरीफ फसल के अंकुरित होने की उम्मीद जगी है वहीं भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को खासी राहत मिली। शनिवार को 25 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश से एक गरीब का कच्चा आशियाना ढह गया। जिससे पीड़ित को हजारों का नुकसान हुआ है।
मानसून की दस्तक के बाद बेहतर बारिश न होने से किसान परेशान थे। चार दिन से आसमान पर काले बादलों के छाने और बूंदाबांदी के बाद आसमान साफ हो जाने से उमस बरकरार रही। शनिवार की भोर तीन बजे तेज बारिश शुरू हो गई। सुबह करीब 6 बजे तक लगातार तीन घंटे रिमझिम बारिश होने से जगह जगह जलभराव हो गया। पूरे दिन आसमान में काले बादल छाए रहे। दोपहर के समय भी करीब 10 मिनट तेज बारिश हुई। जिससे गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। पूरे जुलाई माह में अभी तक 94 एमएम बारिश हो चुकी है। अब तक शनिवार को सबसे ज्यादा 25 एमएम बारिश हुई।
बारिश के चलते शहर के मोहल्ला हवेली दरवाजा निवासी रामचरन सोनकर पुत्र भूरे का मकान गिर गया। मकान के अंदर मौजूद रामचरन का पुत्र राजू मलबे की चपेट में आने से बाल बाल बच गया। मकान गिरने से गरीब का आशियाना छिन गया। वहीं मकान में रखी हजारों रुपये कीमत की गृहस्थी मलबे की चपेट में आकर बर्बाद हो गई। सड़कों में जलभराव होने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
तीन घंटे की रिमझिम बारिश से किसानों के खिले चेहरे
- उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने महसूस की राहत
- जुलाई माह में शनिवार को 25 एमएम बारिश सबसे अधिक की गई दर्ज