टिकट को लेकर चुनावी घमासान तेज
- कांग्रेस से प्रीतम सिंह किसान को मिला टिकट
- कई दलों में दावेदारों की लंबी लिस्ट, बढ़ी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद चुुनावी घमासान तेज हो गया है। विभिन्न दलों में टिकट को लेकर मारामारी मची है। भाजपा में टिकट के दावेदारों की सबसे लंबी लाइन है। टिकट की दावेदारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों को टिकट न मिलने से एक-दूसरे दलों में दावेदारों के जाने के कयास लगाए जा रहेे हैं। कांग्रेस से प्रीतम सिंह का टिकट पक्का होने से उनके समर्थकों ने खुशी जताई।
हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत, सदर विधायक राकेश गोस्वामी, युवराज सिंह, अशोक सिंह चंदेल, अविनाश मिश्रा, शिवशंकर सिंह, सुलभ सक्सेना, रविंद्र शुक्ला ने दावेदारी की है। सपा-बसपा गठबंधन से पूर्व राज्यमंत्री सिद्घ गोपाल साहू, दिलीप सिंह, कप्तान सिंह राजपूत, राखी राजपूत, जयराज सिंह जूदेव ने दावेदारी की है। हालांकि गठबंधन के बाद सीट बसपा के खाते में चली गई और बसपा ने संजय साहू को लोकसभा प्रभारी घोषित कर दिया है। जिससे संजय साहू को बसपा से टिकट मिलने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस से प्रीतम सिंह किसान, दलजीत सिंह, जयवंत सिंह, चौधरी ध्रूराम लोधी, संजयवीर सिंह, नफीसा अली, सलीम अहमद, निर्दोष दीक्षित, जगदीश नारायण शर्मा, देवेंद्र मोहन चौबे, प्रमोद राजपूत, तुलसीदास राजपूत ने भी टिकट की मांग की है। जिसमें से प्रीतम सिंह को कांग्रेस से हरी झंडी मिल गई है। जिससे अन्य टिकट के दावेदार हाथ मलते रह गए। इतना ही नहीं सपा-बसपा गठबंधन के संजय साहू को बसपा ने लोकसभा प्रभारी घोषित कर दिया है। इसके बाद से उसने अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है जबकि अन्य दलों के दावेदार अभी भी टिकट को लेकर पशोपेश में है।