एक्सप्रेस-वे के लिए जिले में 176 हेक्टेयर भूमि की हुई खरीद
महोबा। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहीत की गई भूमि के बैनामे के मामले में बुंदेलखंड में महोबा पहले स्थान पर है। अब तक जिले में 232 हेक्टेयर अधिग्रहीत की गई भूमि के सापेक्ष 176 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है। जिला प्रशासन ने एक्सप्रेस वे की भूमि अधिग्रहण को लेकर खासी तेजी दिखाई।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे में महोबा तहसील के खन्ना, ग्योढ़ी, कोहारी, बन्नी व पुरा और चरखारी तहसील के खरेला, पुन्निया व बरायं समेत आठ गांव की भूमि आ रही है। इन आठों गांव के 555 किसानों की भूमि अधिग्रहीत की जानी थी। जिसके सापेक्ष अभी तक 254 बैनामे हो चुके हैं। शासन के निर्देश पर 232 हेक्टेयर के सापेक्ष 176 हेक्टेयर भूमि की खरीद हो चुकी है। भूमि अधिग्रहण के बाद बैनामा कराने में अब तक करीब 45 करोड़ रुपया व्यय किया जा चुका है। जिला प्रशासन ने यूपीडा से 63 करोड़ रुपये की और मांग की है। ताकि शेष भूमि के बैनामे कराए जा सके। अपर जिलाधिकारी पूनम निगम ने बताया कि खन्ना गांव की सर्वाधिक 92 हेक्टेयर भूमि एक्सप्रेस-वे में आ रही है। खन्ना की जमीन के लिए 100 करोड़ रुपये व्यय का अनुमान है। शीघ्र ही खन्ना की भूमि का भी बैनामा कराया जाएगा।