मां बड़ी चंद्रिका सेवा समिति के तत्वावधान में बुधवार को आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में 10 जोड़ों ने एक दूजे का हाथ थामा। हिंदू रीति रिवाज से वैवाहिक रस्में कराई गई। जिलाधिकारी समेत समिति के पदाधिकारियों ने वर वधू का आशीर्वाद दिया। आयोजन समिति के ओर से नव दंपति जोड़ों को दान दहेज व उपहार भेंट किए गए।
बड़ी चंद्रिका मंदिर परिसर में आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में सुबह से ही वर व वधू पक्ष के लोगों की भीड़ जुटने लगी। सम्मेलन में 11 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य रखा गया था लेकिन 10 जोड़ों का पंजीयन हो सका। बुधवार को अलग अलग मंडपों में 10 जोड़ों की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वैवाहिक रस्मे कराई गई। पचपहरा की रजनी का डहर्रा के जगरूप, भटीपुरा की साधना का गांधीनगर के भूपेंद्र, चारुआ की रंगोली का नौगांव के नितेश, सत्तीपुरा की रेखा का जैतपुर के जयपाल, कस्बा राठ की पिंकी का कुलपहाड़ के रामकुमार समेत 10 जोड़ों का विवाह कराया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी सहदेव के अलावा समिति के पदाधिकारियों ने नवदंपति जोड़ों को आशीर्र्वाद दिया। समिति के ओर से जोड़ों को दान दहेज, आभूषण व अन्य उपहार भेंट किए गए। इस मौके पर रमेशचंद्र अग्निहोत्री, भूपेश सक्सेना, शीतल प्रसाद शास्त्री, भागीरथ नगायच, विनोद पुरवार, रामजी गुप्ता, शीतल प्रसाद शास्त्री, भागीरथ नगायच, प्रीतम शास्त्री, गौरीशंकर, स्वामी महानंद, निर्मला खरे मौजूद रहे।