कोल्हुई। स्थानीय थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या करने के लिए पोस्ट डाल दिया।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते ही सिद्धार्थनगर और महराजगंज के पुलिस मीडिया सेल ने तुरंत इसकी सूचना सिद्धार्थनगर के लोटन थाने और महराजगंज के कोल्हुई थाने को देते हुए युवक के डिटेल्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच करने को कहा। इस पर दोनों थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू किया।
पुलिस ने युवक के घर जाकर पोस्ट डालने वाले युवक और उसके परिजनों को समझाया-बुझाया। इसके बाद युवक ने पुलिस की बात मान ली, तब जाकर मामला शांत हुआ। हालांकि युवक ने आत्महत्या करने की पोस्ट क्यों डाली, इसका पता नहीं चल सका है। कोल्हुई पुलिस ने बताया कि युवक का लोकेशन मिलने पर उसके घर पहुंचकर उसे समझाया-बुझाया गया है। संवाद