- युवा कल्याण विभाग की ओर से होगा जिला स्तरीय कला उत्सव, 15 से 29 वर्ष के युवा कर सकेंगे प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कला व संस्कृति के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए जिला स्तरीय कला उत्सव कार्यक्रम होगा। युवा कल्याण विभाग की ओर से होने वाले इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। इच्छुक प्रतिभागी 27 अक्तूबर तक युवा कल्याण विभाग में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
युवा कल्याण विभाग की ओर से युवाओं को खेलकूद, कला व संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। यही नहीं प्रति वर्ष होने वाले इन क्षेत्रों के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक युवाओं की प्रतिभागिता भी सुनिश्चित कराई जाती है, जिससे कि वे अपनी प्रतिभा को निखारते हुए अपने कला व सांस्कृतिक क्षमता का दर्शन करा सकें। इस बार भी जिला स्तरीय युवा उत्सव होना है जिसमें एक भारत श्रेष्ठ भारत विषय पर लोकनृत्य, लोकगीत, एकल नृत्य, एकल लोकगीत, कहानी लेखन, पोस्टर निर्माण, भाषण व फोटोग्राफी विधा में प्रतिभाग करने वाले युवाओं को प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा को दिखाने का अवसर मिलेगा। विजेता खिलाड़ियाें को मंडल स्तर पर प्रतिभागिता का अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनी भी लगाएंगे युवा
युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में एक प्रदर्शनी भी लगेगी, जिसमें युवाओं की ओर से निर्मित सामग्री को लगाया जाएगा।
-
जिला स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करने के इच्छुक युवा अपना नामांकन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी के पास अथवा जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय में 27 अक्तूबर तक करा लें।
वैभव सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी