परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर लगाया हत्या का आरोप, पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी पुलिस
शराब पिलाने के बहाने बुलाकर युवक की हत्या, सड़क पर फेंका
फरेंदा। क्षेत्र के मथुरानगर फुलवरिया गांव के बाहर सड़क के किनारे अरविंद चौधरी (28) का खून से लथपथ शव सोमवार की रात करीब एक बजे बरामद हुआ। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने गांव के पांच युवकों पर शराब पिलाने के बहाने बुलाकर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के मथुरानगर टोला फुलवरिया निवासी अरविंद चौधरी सोमवार की शाम गांव के कुछ युवक शराब पीने के लिए बुला कर ले गए। काफी देर बीतने के बाद अरविंद घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच परिजनों को सूचना मिली कि अरविंद घायलावस्था में गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर ओवरब्रिज के पास पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अरविंद को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि साथ ले गए युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर बेल्ट व पंच आदि से मारकर उसकी हत्या की है।
पिता इंद्रसेन का आरोप है कि आरोपित युवकों ने पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया है। पिता ने पांच युवकों के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने दो आरोपी युवकों को हिरासत में भी ले लिया है।
थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर शेषमणि, राजबब्बर, उमानाथ, दुर्गेश व रामकेश के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।