महराजगंज। नगर के पटेल नगर में जर्जर सड़क से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत यहां सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा। नगर पालिका की ओर से निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब 19.70 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। पटेल नगर में लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के साथ बारिश के दौरान जलभराव की समस्या भी बनी रहती है। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को आवागमन में दिक्कत होती थी।
स्थानीय लोगों की ओर से सड़क निर्माण की मांग लगातार की जा रही थी। नगर पालिका ने लोगों की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत सड़क और नाली निर्माण कराने का निर्णय लिया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि पटेल नगर में सीसी सड़क और नाली निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाएगा, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।