पैर फिसलने से हुआ हादसा, शव पोस्टमार्टम को भेजा गया
भिटौली। थाना क्षेत्र के अमवा भैंसी गांव में बुधवार रात तालाब में डूबने से 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शौच करने गए युवक का पैर फिसलने के कारण हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार अमवा भैंसी निवासी अरुण गोविंद (36) पुत्र रामनिवास बुधवार रात करीब 9 बजे घर के पास स्थित गांव के तालाब के किनारे शौच के लिए गए थे। अंधेरा होने और किनारे पर अचानक पैर फिसलने के कारण वह वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
काफी देर तक अरुण के घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजन उन्हें तलाशते हुए तालाब तक पहुंचे। डूबने की आशंका पर गांव के लोगों के साथ मिलकर तालाब में खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद अरुण का शव पानी से बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली थाने के उपनिरीक्षक यदुवीर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा भरने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज मोर्चरी हाउस भेज दिया ।
उपनिरीक्षक यदुवीर यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस हादसे के बाद अरुण के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि अरुण मिलनसार स्वभाव के थे और खेती-किसानी का काम करते थे। गांव के लोगों ने प्रशासन से तालाबों के किनारे सुरक्षा के इंतजाम करने और रात में अकेले तालाबों के पास न जाने की अपील की है।