महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के बड़हरा विशंभरपुर गांव में रविवार को बिजली गिरने से चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर में भर्ती कराया। जहां एक घायल की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों का ढांढ़स बंधाया।
जानकारी के मुताबिक, बड़हरा विशंभरपुर में गर्मी के कारण मथुरा यादव 32 और चंद्रशेखर गुप्ता 27, बलराम 25 और संतराम 35 निवासी हरमंदिर कला थाना कोल्हुई गांव के पूरब बागीचे में बैठे थे। इस बीच तेज आंधी से वहां मौजूद कुछ लोग घर की ओर चले गए, लेकिन यह चार लोग वहीं बैठे रहे।
तेज गरज और चमक के साथ हल्की बारिश शुरू हुई। इस बीच बिजली गिरी और चपेट में आने से चारों लोग गंभीर रूप झुलस गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर में भर्ती कराया गया, जहां मथुरा यादव की मौत हो गई। अन्य घायलों को चिकित्सकों ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सूचना पर उपजिलाधिकारी नौतनवां मुकेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। उपजिलाधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
-
आज लुधियाना जाने वाले थे मथुरा
मथुरा यादव की मौत से पूरे परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी इंद्रावती देवी, बड़ा बेटा अभिषेक 11, दूसरा बेटा आर्यन 6 हैं। सभी दहाड़ मारकर रो रहे थे। परिजनों ने बताया कि मथुरा यादव पंजाब के लुधियाना में रहकर मजदूरी करते थे। सोमवार को लुधियाना जाने वाले थे। बताया गया कि बलराम और संतराम मथुरा से मिलने आए थे और हादसे का शिकार हो गए।