नौतनवा। क्षेत्र के गांव दुर्गापुर टोला मरचहवा में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते हो भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी के मुताबिक, नौतनवा क्षेत्र के गांव दुर्गापुर टोला मरचहवा निवासी हरिश्चंद्र चौरसिया (32) फेरी पर कपड़ा बेचते थे। सोमवार को सुबह खेत में खाद डालने गए थे। खाद डालने के बाद हाथ धुलने गए तभी पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी शशिकला दहाड़े मार रोते-रोते अचेत हो जा रही थी। पिता पुर्णवासी, माता सोनामती, भाई दिलीप का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छोटे भाई दिलीप चौरसिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई हरिश्चंद्र चौरसिया खेत में खाद डालने गए थे। हाथ धुलते समय करंट की चपेट में आ गए, जिससे मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि करंट से युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घर के कमाऊ पूत थे हरिश्चंद
नौतनवा। हरिश्चंद चौरसिया फेरी लगाकर कपड़ा बेचते थे। वह दो भाइयों में बड़े थे। घर की पूरी जिम्मेदारी उनके ऊपर ही थी। मृतक के पास चार बेटियां अनामिका 14, अंशिका 11, अंकिता 9, अमृता 7 वर्ष व इकलौता बेटा अंशुमान 2 वर्ष हैं। मृतक की पत्नी शशिकला दहाड़े मार रो रही थी कि अब वह किसके सहारे जीवन यापन करेंगी। चार बेटियों और एक बेटे का बोझ कैसे सहन कर पाएंगी।