खनुआ। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनौली कोतवाली क्षेत्र के महुअवा चौराहे पर बृहस्पतिवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, बरगदवा उर्फ गनवरिया गांव निवासी सावन गौड़ (23) किसी काम से नौतनवा जा रहे थे। वह महुअवा चौराहे पर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सावन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया।