1272 कैप्सूल प्रॉक्सोवॉन स्पास, (385 मिलीग्राम), दो एमएल का 138 पीस बुप्रेनॉरफिन व बाइक बरामद
ठूठीबारी। नशीली दवा की खेप नेपाल ले जाते समय बाॅर्डर के समीप भारतीय सीमा क्षेत्र में एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीम ने बाइक सवार एक युवक को धर दबोचा। जांच के दौरान युवक के पास से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भिजवा दिया। पकड़े गए आरोपी युवक की पहचान सिंदुरिया थाना क्षेत्र के सोनवल गांव निवासी मनीष कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है।
शुक्रवार की रात ठूठीबारी कोतवाली पुलिस एसएसबी की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिला की एक बाइक सवार युवक भारी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप भारतीय सीमा क्षेत्र से नेपाल लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने नेपाल सीमा के स्तंभ संख्या 506 से 100 मीटर पीछे वीओपी पोस्ट बांध-1 पर सघन तलाशी शुरू कर दिया। तभी एक बाइक सवार युवक आते हुए दिखाई दिया। संदेह होने पर जवानों ने घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया तलाशी लेने पर युवक के पास से 1272 कैप्सूल प्रॉक्सोवॉन स्पास, (385 मिलीग्राम), दो एमएल का 138 पीस बुप्रेनॉरफिन, प्रोमेथाज़िन और डायजापाम इंजेक्शन, एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद हुआ।
इस संबंध में निचलौल सीओ बसंत सिंह ने बताया कि नशीली दवा के साथ पकड़े गए आरोपी युवक मनीष कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया।