श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के श्यामदेउरवां गांव का मामला
पिता के क्रिया-कर्म के बाद बचे रुपयों के हिसाब को लेकर हुआ विवाद
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के श्यामदेउरवां गांव में पिता के क्रिय-कर्म के बाद बचे रुपयों के हिसाब को लेकर बड़े भाई पर जानलेवा हमले का मामला सामने आ रहा है। आरोप है कि छोटे भाइयों ने धारदार हथियार से बड़े भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले से बचने के प्रयास में बड़े भाई राहुल अग्रवाल का कान कट गया। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां निवासी राहुल अग्रवाल ने बताया कि पिता के निधन के बाद क्रिया-कर्म के लिए पांच भाइयों में से चार ने मिलकर करीब एक लाख रुपये इकट्ठा किए थे। कार्यक्रम बीतने के बाद चारों भाइयों ने हिसाब किया तो इनमें से कुल 23,200 रुपये शेष बचे थे। शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे मैं घर पहुंचा और अपने भाइयों राम अग्रवाल व श्याम अग्रवाल से बचे हुए पैसे का उपयोग साझा सुविधा के लिए सीढ़ी बनवाने में इस्तेमाल करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही यह भी कहा कि यदि अतिरिक्त खर्च आएगा तो सभी भाई अपने-अपने हिस्से के अनुसार सहयोग करेंगे।
राहुल का आरोप है कि बाद में इस बात पर राम और श्याम अग्रवाल भड़क गए और कहने लगे कि सारा पैसा खर्च हो चुका है। जब मैंने खर्च का हिसाब मांगा तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने लात-घूंसों और ईंट से मारपीट शुरू कर दी। राहुल का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से उसके गले पर हमला कर दिया। हमले से बचने के प्रयास में में उसका बायां कान कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल हालत में वह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद घायल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में प्राथमिक उपचार कराया और फिर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। एसओ अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।