अड्डा बाजार। नौतनवा थानांतर्गत गांव संपतिहा और पैसिया बाबू के बीच बड़ी राइस मिल के पास शनिवार की देर शाम 7:30 बजे अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से रमेश वर्मा (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। सूचना पाकर संपतिहा चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल को इलाज के लिए एंबुलेंस से रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
बताया गया कि नौतनवा थाना क्षेत्र के गांव संपतिहा निवासी रमेश वर्मा राष्ट्रीय राजमार्ग पर किनारे से पैदल जा रहे थे। नौतनवा की ओर जा रही अज्ञात चार पहिया वाहन उन्हें टक्कर मार कर भाग गई। जिसमें रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर अफरा तफरी मच गई। संपतिहा चौकी इंचार्ज जयप्रकाश सिंह ने बताया कि घायल को इलाज के लिए एंबुलेंस से रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। परिजन भी पहुंच चुके हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।