चौक बाजार। काम के सिलसिले में तीन दिन पहले घर से महराजगंज गए एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन महराजगंज के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मठिया निवासी पप्पू विगत कई माह पहले से महराजगंज में रहकर एक सेठ यहां रह मजदूरी का काम करता था। मंगलवार को वह अपने घर लौटा था। बुधवार को दोपहर में सेठ के मोबाइल फोन से बुलाने की बात कहकर महराजगंज चला आया।
शुक्रवार की सुबह सेठ ने मोबाइल से फोन करके उसके घरवालों पप्पू के मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक की भाभी माया ने आरोप लगाया कि सेठ ने मृतक के शव को बिना पुलिस को सूचना दिए ही मोर्चरी में भिजवा दिया है।
इसकी भनक लगते ही परिजनों ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। इस संंबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव का पंचनामा करवाकर जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
मृतक पप्पू दो भाइयों में छोटा था। उसकी शादी तीन वर्ष पहले हो गयी थी। उसकी कोई संतान नहीं है। पत्नी माया अक्सर मायके में रहती थी। पिता कतवारू घर पर रहते थे। मां प्रभावती की बचपन में ही मौत हो गई थी। बहन रेखा की शादी हो गई है। संवाद