सीबीआई के विरोध में बुधवार को आम आदमी पार्टी ने नगर के सक्सेना चौक पर प्रधानमंत्री का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि एक साजिश के तहत सीबीआई ने छापा मारा।
जिला संयोजक पशुपतिनाथ गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी और उसके कार्यकर्ता मोदी के बदले की इस कार्रवाई के आगे कभी झुकेंगे नहीं। भ्रष्टाचार के विरुद्ध लोकतंत्र और स्वराज की रक्षा के लिए प्रयास सतत जारी रहेगा। कहा कि जानबूझकर पीएम ने सीबीआई छापा डलवाए।
जिला सचिव केएम अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली और बिहार विधान सभा चुनावों में करारी हार को भाजपा अब तक पचा नहीं सकी है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कट्टर राजनीतिक दुश्मन केजरीवाल को हर प्रकार से परेशान करने पर तुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि सीबीआई की इस अलोकतांत्रिक और प्रधानमंत्री के इशारे पर कार्य करने के विरोध में पुतला जलाया जा रहा है। इस दौरान फरेन्दा प्रभारी भगवान दत्त गुप्ता, जितेन्द्र आर्य, सिसवा प्रभारी परमानन्द गुप्ता, बनारसी गुप्ता, गीता वर्मा, सुभाष कसेरा, सरोज, शेषमणि, राजेन्द्र गुप्ता आदि रहे।