महराजगंज। पीजी कॉलेज परिसर में बीपीएड संघ की रविवार को बैठक हुई। इसमें 21 जून को योग दिवस के बहिष्कार का निर्णय लिया गया। खेलकूद अनुदेशक पद पर भर्ती न होने से बीपीएड डिग्री धारक परेशान हैं। भाजपा सरकार की ओर से इस मसले पर कारगर कदम न उठाये जाने से बीपीएड डिग्री धारकों में नाराजगी है।
संगठन के जिलाध्यक्ष कुलदीप मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश में जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी तो बीपीएड डिग्री धारकों की तैनाती अनुदेशक के पद पर किए जाने की घोषणा की गई थी लेकिन जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो खेलकूद अनुदेशक पद पर भर्ती पर रोक दिया गया। न्यायालय के आदेश के बाद भी सरकार की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया जा रहा है। ऐसे में योग दिवस का बहिष्कार कर सभी बीपीएड डिग्री धारक विरोध जताएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बीपीएड डिग्री धारकों के हितों को लेकर गंभीर नहीं है जिसका परिणाम है कि आज स्कूलों में तैनाती नहीं हो पाई है। सरकार एक तरफ बेरोजगारी दूर करने का दावा करती है वहीं दूसरी ओर रोजगार देने में पेच फंसा रही है। सरकार अगर जल्द बीपीएड डिग्री धारकों की नियुक्ति नहीं करेगी तो संगठन की ओर से आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर जय प्रकाश गुप्त, महेंद्र यादव, आशीष यादव, अजय चंद, रामबदन यादव, जगमोहन गुप्ता, आशीष यादव, अभिमन्यु वर्मा आदि मौजूद रहे।