दफ्तर में एक्सईएन गैरहाजिर, रोका वेतन
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के दोनों खंडों का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक निरीक्षण पर पहुंचने पर कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अनुपसि्थत मिले। इस पर जिलाधिकारी ने बिना अनुमति व सूचना के जिले से बाहर होने पर उनका वेतन अगले आदेश तक के लिए रोक दिया।
उधर, निरीक्षण के दौरान विभाग में भ्रमण रजिस्टर नहीं मिला। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए मौके पर मौजूद अधिकाधिकारियों को तत्काल भ्रमण रजिस्टर बनाने का निर्देश दिया। पीडब्लूूडी कार्यालय पहुंचने पर डीएम ने बारी-बारी से दोनों खंडों के कार्यालयों का निरीक्षण किका। साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली। प्रांतीय खंड के एक्सईएन के बारे में पूछा तो बताया गया कि वह क्षेत्र मेें हैं। डीएम ने जब उनके मोबाइल नंबर पर बात की तो एक्सईएन सचिन कुमार ने बताया कि वह निचलौल साइट में हैं। इसके बाद डीएम ने निर्माण खंड के एक्सईएन सुग्रीव राम के बारे में पूछा तो बताया गया कि वह जिले बाहर हैं। बिना अनुमति व सूचना के जिले से बाहर जाने पर डीएम ने उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया। भ्रमण रजिस्टर के बारे में पूछा तो बताया गया कि भ्रमण रजिस्टर नहीं बना है। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम से तत्काल भ्रमण रजिस्टर बनाने का निर्देश दिया। गैरहाजिर मिले कुछ अन्य कर्मियों के बारे में जानकारी ली तो बताया गया कि वह विभागीय कार्य से गए हैं। जिसकी डीएम ने अपने स्तर से भी जानकारी हासिल की।