सम्मान निधि के लाभार्थियों के आधार सत्यापन में तेजी लाएं कर्मी
डीएम ने फरेंदा तहसील क्षेत्र में पहुंचकर आधार कार्ड फीडिंग व सत्यापन का लिया जायजा
कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिली तो दोषियों के विरुद्ध होगी कार्रवाई
फरेंदा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त कर रहे किसानों के आधार सत्यापन व उनके सभी प्रकार के विवरणों का सत्यापन किया जाए। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद उनके विवरण को पोर्टल पर फीड किया जाए। सत्यापन के कार्य को तीव्र गति से कराया जाए।
यह बात जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को फरेंदा तहसील में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त कर रहे किसानों की आधार कार्ड फीडिंग, आवासीय जोत भूमि व पति-पत्नी की ओर से प्राप्त किए जा रहे सम्मान धनराशि के सत्यापन की प्रगति की समीक्षा के दौरान कही। उन्होंने राजस्व कानूनगो, लेखपाल व कृषि विभाग के कर्मचारियों द्वारा किए गए कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने आधार सत्यापन में लगाए गए नोडल अधिकारी कृषि रक्षा अधिकारी हिमांचल सोनकर से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि तहसील के 323 गांवों के 96021 किसानों के सापेक्ष 155 गांवों के 52,281 किसानों का सत्यापन किया गया। तहसील के पुराने भवन तथा प्रांगण की सफाई व कंप्यूटर कक्ष के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिली तो दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। जिले में महदेवा नाम के अधिकांश
गांव हैं। ऐसे में छंटनी कर कमियों को दूर किया जाए। इस दौरान उप जिलाधिकारी रामसजीवन मौर्य, तहसीलदार राम अनुज, अधिशासी अधिकारी अवध प्रकाश सिंह, बीडीओ एसएन शुक्ला, वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।