ठूठीबारी। इटहियां में पुल निर्माण कर रहे मजदूरों को मारपीट कर घायल करने के मामले में सोमवार को कोतवाली पुलिस ने ठेकेदार की तहरीर पर चार नामजद व आठ अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया।
गोरखपुर जिले के थाना कैंट 116 एम बिलंदपुर बांसगांव काॅलोनी निवासी जयनरायन सिंह ने बताया कि एमएस नारायन इंटरप्राइजेज फर्म को सिंचाई विभाग से कोतवाली ठूठीबारी स्थित इटहिया मंदिर के पास एक्वॉडक्ट साइफन निर्माण का कार्य मिला है। कुछ दिन पहले किंजल गुप्ता, प्रत्यूष चौरसिया, दिवस दूबे अपने अन्य सहयोगियों को साथ लेकर फर्म के कार्य की देखरेख करने वाले अभिषेक मल्ल, कृष्णा गुप्ता, अभिषेक सिंह, साहिद खान, कुन्दन यादव से गुंडा टैक्स के नाम पर 20 हजार रुपये मांग कर रहे थे, न देने पर साइट पर आकर किन्जल गुप्ता, प्रत्यूष चौरसिया, दिवस दूबे और शमशेर मारपीट करने लगे।
साइट इंचार्ज अभिषेक मल्ल व अभिषेक सिंह को गाली देते हुए मारने पीटने लगे, जिस पर मौके से अभिषेक सिंह व अभिषेक मल्ल भागकर इटहिया गांव में स्थित किराए के कमरे में चले गए।
कुछ समय बाद पहुंचे आरोपियों ने गाली देते हुए कमरे में घुसकर लाठी-डंडे तथा लोहे की राॅड से शाहिद खान, कुंदन यादव, अभिषेक प्रताप मल्ल, अभिषेक सिंह व कृष्णा गुप्ता पर हमला कर दिया और कमरे से घसीटते हुए बाहर दौड़ा दौड़ा कर मारपीट कर घायल कर दिया।
ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया की ठेकेदार जयनरायन सिंह की तहरीर पर किन्जल गुप्ता, प्रत्युष चौरसिया, दिवस दूबे, शमशेर के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।