सीएमओ ने संस्थागत प्रसव, टीकाकरण व आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा की
महराजगंज। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को लक्ष्यानुसार पूरी गति से संचालित किया जाए।
सीएमओ ने बैठक में संस्थागत प्रसव की स्थिति, टीकाकरण अभियान की प्रगति, अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत बच्चों और बुजुर्गों को निशुल्क चश्मा वितरण की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्यक्रमों को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाना चाहिए। सीएमओ ने यह भी निर्देश दिया कि प्रसव सेवाओं को और अधिक सुगम बनाया जाए। बैठक में आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने और लाभार्थियों को उपचार सुविधा उपलब्ध कराने में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।
वहीं, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के तहत स्क्रीनिंग, उपचार एवं फॉलोअप की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। सीएमओ ने कहा कि एनसीडी मरीजों को नियमित दवाएं व सलाह मिलना अनिवार्य है। इस दौरान एसीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. नीरज कुमार कन्नौजिया, डीपीएम नीरज सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी वीरेंद्र कुमार आर्या आदि मौजूद रहे।